6 हजार रुपये की घूस लेते पंचायत सचिव पकड़ा गया, लोकायुक्त की कार्रवाई
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त टीम ने एक हफ्ते के भीतर दूसरी बड़ी स्ट्राइक की है। शिक्षा विभाग के बाद अब लोकायुक्त के निशाने पर पंचायत विभाग आया है। सोमवार को टीम ने तेजगढ़ ग्राम पंचायत के सचिव जुगराज सिंह लोधी को एक ग्रामीण से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। जिले में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
प्रधानमंत्री आवास के नाम पर मांगी थी घूस
पूरा मामला प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ा है। पीड़ित हितग्राही महेंद्र कोष्ठी ने बताया कि उनकी पत्नी के नाम पर स्वीकृत हुए आवास की अगली किस्तों को जारी करने के बदले सचिव जुगराज सिंह ने पैसों की मांग की थी। सचिव ने किस्तों के भुगतान और मजदूरी बिल पास करने के एवज में कुल 15 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे बाद में 10 हजार रुपये में तय किया गया। हितग्राही पहले ही 4 हजार रुपये की पहली किस्त सचिव को दे चुका था।
परेशान होकर पीड़ित ने लोकायुक्त से की शिकायत
हितग्राही महेंद्र के अनुसार, पहली किस्त देने के बाद भी जब अगली राशि खाते में नहीं आई, तो सचिव ने बकाया पैसों के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। सचिव की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने सागर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और सोमवार को जाल बिछाकर सचिव को पकड़ने की योजना बनाई।
रंगे हाथों पकड़े गए सचिव, कार्रवाई जारी
योजना के मुताबिक, जैसे ही हितग्राही ने बाकी बचे 6 हजार रुपये सचिव जुगराज सिंह लोधी को थमाए, वैसे ही वहां सादे कपड़ों में तैनात लोकायुक्त टीम ने उन्हें धर दबोचा। सचिव के हाथ धुलवाए जाने पर वे गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत है। फिलहाल आरोपी सचिव को तेजगढ़ थाने लाया गया है, जहाँ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एक हफ्ते में लोकायुक्त की दूसरी स्ट्राइक
गौरतलब है कि दमोह जिले में लोकायुक्त पुलिस काफी सक्रिय नजर आ रही है। कुछ दिन पहले ही टीम ने जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र में शिक्षा विभाग के तीन कर्मचारियों को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उस बड़ी कार्रवाई की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि अब पंचायत सचिव का यह मामला सामने आ गया है।

राशिफल 12 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत अकलतरा में 10 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
डिजिटल इंडिया की राह पर अबूझमाड़ : रायनार में मोबाइल टावर शुरू, वनांचल में गूँजेगी घंटी
मध्यप्रदेश की बेटियों का सटीक निशाना : राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का गौरव बढ़ाया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के पुत्र- पुत्रवधू को दिया सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद
